कोलकाता || प्रख्यात आलोचक व जनवादी लेखक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवकुमार मिश्र ने कहा कि वर्तमान समय में साहित्य ,कला , व संस्कृति गहरे संकट के दौर से गुजर रहा हैं | इस दौर में आदमी की रचनाधर्मिता चुनौतियों के बीच खड़ी है | उन्होंने कहा कि ये निहायत ही रचना विरोधी समय है और साहित्य अभिव्यक्ति का इतना स्खलन पहले कभी नहीं हुआ था | मिश्र ने कहा कि यदि समय का चरित्र यही रहा तो फिर सबसे बड़ा सवाल यह है कि आने वाले दिन में आदमी कितना आदमी रह जाएगा |
देखा जाए तो आज आदमी का भी क्षरण हो रहा है और बाजारतंत्र हम पर हावी है | शिवकुमार मिश्र ने ये बातें भारतीय भाषा परिषद् सभागार में आयोजित एक समारोह को संबोधित करते हुए कहा | इस मौके पर मानिक दफ्तरी ज्ञानविभा ट्रस्ट कि ओर से हिंदी के प्रख्यात कथाकार शेखर जोशी को चंद्रयान पुरस्कार - २०१० से नवाजा गया |संस्था के ट्रस्टी धनराज दफ्तरी ने पुरस्कार स्वरुप जोशी को ३१ हजार रुपये की राशि,शॉल व श्रीफल प्रदान किए |
शिवकुमार मिश्र ने इस मौके पर शेखर जोशी के सम्मान में कहा कि जोशी नई कहानी आन्दोलन के उन सदस्यों में से हैं ,जिन्होंने नई कहानी को गाँव से जोड़ा | उन्होंने कहा कि जोशी ने औद्दोगिक मजदूरों पर कहानी लिखी ,जिसमे यथार्थ के सही संदर्भों को उन्होंने उभारा | यही नहीं जोशी ने नई कहानी के तमाम दुसरे लोगों के साथ इसे व्यापक आयाम भी दिया था | मिश्र ने कहा कि गांव को आधार बनाने के बावजूद शेखर जोशी 'मैला आँचल' के लेखक फणीश्वरनाथ रेणु की तरह आंचलिकता के शिकार नहीं बने |उन्होंने कहा कि जोशी की कहानी यथार्थ की व्याख्या करते हुए जरूरी व गैर -जरूरी के बीच के फर्क को स्पष्ट करती है |
दूसरी ओर रेणु की त्रासदी यह रही कि आंचलिकता की रौ में उनसे जरूरी चीज़ें पीछे छूट गयी | मिश्र के मुताबिक 'मैला आँचल ' में आंचलिकता के रूपवाद को मनोरंजन के रूप में पेश किया गया है | इसी संदर्भ में मिश्र ने शेखर जोशी की 'दाज्यू ' , 'कोसी का घटवार ' , 'नौरंगी बीमार है ' आदि कई कहानियों का जिक्र करते हुए कहा कि जोशी कि कहानियों में यथार्थ का चित्रण हमें मिलता हैं | इस मौके पर शेखर जोशी ने सम्मान के लिए आयोजक संस्था के प्रति आभार जताते हुए कहा -मैंने बहुत नहीं लिखा और यदि मैं सलीके से लिख पाया और आपकी नजर उस पर पड़ी है तो उसके प्रति भी आभार प्रकट करता हूँ | उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनका नहीं बल्कि उनका उन पात्रों का है जो पाठकों के मन में रच बस गए हैं |
उन्होंने कहा कि दिल्ली प्रवास के दौरान वामपंथी राजनीति की तरफ उनका रुझान होने लगा | जोशी ने कहा -जो थोडा बहुत मैं सलीके से लिख पढ़ पाया उसका श्रेय इलाहाबाद के साहित्यिक माहौल को हैं | इस मौके पर नई पीढ़ी के लेखकों से निवेदन करते हुए जोशी ने कहा -जो हम लिखें ,उसमे कुछ प्रकाश हो ,हताशा न हो | उनके मुताबिक साहित्य से हमें कुछ ऐसा भी मिलना चाहिए जिससे प्रेरणा मिले | कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भारतीय भाषा परिषद् के निदेशक विजय बहादुर सिंह ने लेखक को साहित्य का "डेंजर ज़ोन " करार देते हुए कहा कि वह (लेखक ) हमें बताता है कि समाज कितने हद तक खतरे के निशान से ऊपर जा रहा है | उन्होंने कहा कि संकट के समय समाज में हमेशा आता रहता है | देखा जाए तो कभी -कभी वेदना भी समाज को जागृत करती है | सिंह ने कहा कि कवि व वेदना हमें बताते है कि समाज में अभी बहुत कुछ जीवित है |
उनके मुताबिक बैचैनी व उकताहट से ही साहित्य बचा रहता हैं | कार्यक्रम का संचालन पत्रकार प्रकाश चंडालिया ने किया. उन्होंने शेखर जोशी की कहानी "दाज्यू " का पाठ भी किया | समारोह में डा. कृष्ण बिहारी मिश्र, आलोचक व कथाकार विमल वर्मा, श्रीहर्ष, अरुण महेश्वरी, डा. अमरनाथ, आयोजक संस्था के ट्रस्ट अध्यक्ष प्रीतम दफ्तरी व नन्दलाल टांटिया आदि भी मौजूद थे | धनराज दफ्तरी ने धन्यवाद दिया |