Who's online

There are currently 0 users and 1 guest online.

बीबीसी एशियन नेटवर्क बंद होगा

in

बीबीसी ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि वह 2011 के आखिर तक 'बीबीसी एशियन नेटवर्क' रेडियो स्टेशन बंद करने की तैयारी कर चुका है। बीबीसी ट्रस्ट का कहना है कि इस रेडियो स्टेशन को बंद करने का फैसला बीबीसी के डायरेक्टर जनरल मार्क थॉमसन का है। बीबीसी के इस कदम का असर सीधे तौर पर भारतीय उप महाद्वीप के श्रोताओं पर पड़ेगा।

बीबीसी ट्रस्ट के चेयरमैन सर माइकल लियोन ने कहा कि हम लोगों को उच्च गुणवत्ता की सेवा मुहैया कराने और उनके धन का सही इस्ते‍माल करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा, ‘ट्रस्ट एशियन नेटवर्क को बंद करने के औपचारिक प्रस्ताव पर विचार करेगा। हालांकि इस दौरान रेडियो स्टेशन के श्रोताओं की जरुरतों का भी ध्यान रखा जाएगा।’

इससे पहले ट्रस्ट ने अपने ‘6 म्यूजिक’ रेडियो स्टेशन को बंद करने के प्रस्ताव को खारिज कर दिया। इस स्टेशन को बंद किए जाने के खिलाफ बड़े पैमाने पर जन अभियान चलाया गया था। लेकिन एशियन नेटवर्क को बचाने के लिए चलाया गया अभियान सफल नहीं हो सका।

बीबीसी के लिए काम कर चुके ब्रिटेन में बसे एक वरिष्ठ भारतीय पत्रकार के मुताबिक एशियाई समुदाय में कई तरह की भाषाओं के प्रचलन, लोगों के सामने कई तरह के मीडिया के विकल्प मौजूद रहने और कमर्शियल रेडियो स्टेशनों की ओर से मिल रही कड़ी चुनौती के बीच बीबीसी एशियन नेटवर्क को बंद करना जरूरी हो गया है।