'वायस आफ इंडिया' चैनल को री-लांच कराने की तैयारियां जोर-शोर से चल रही है। टेस्ट रन शुरू हो चुका है। नया लोगो जारी किया जा चुका है। प्रोग्राम बनने लगे हैं। आफिस में रौनक आ चुकी है। करीब 100 लोगों से ज्यादा की टीम नोएडा स्थित वीओआई आफिस में काम करने लगी है। तीन शिफ्टों में काम होने लगा है। शुरुआत में केवल नेशनल न्यूज चैनल लांच करने की तैयारी है। चैनल के वरिष्ठों के बीच कार्य का बंटवारा कर दिया गया है। एसाइनमेंट हेड अजय कुमार को बनाया गया है।
दिल्ली मेट्रो हेड मधुरेंद्र सिन्हा हैं। कापी और पैकेजिंग का काम सर्वेश तिवारी देख रहे हैं। अखलाक उस्मानी और अतुल अग्रवाल के पास आउटपुट का जिम्मा है। राहुल ठगेले प्रोग्रामिंग देख रहे हैं। वीओआई के ग्रुप एडिटर किशोर मालवीय: 'वायस आफ इंडिया पर जो दाग लगा है, उसे हम कंटेंट के जरिए धो देंगे। अच्छे कंटेंट से पुरानी बदनामी को खत्म कर करेंगे। हमारी टीम बेहतरीन कार्यक्रम और कंटेंट प्रोड्यूस करने में जुट गई है। हम अच्छा प्रोडक्ट लेकर मार्केट में आएंगे, ये वादा है।'
वीओआई को त्रिवेणी मीडिया से खरीदकर अपनी कंपनी सर्चलाइट मूवीज के अधीन करने वाले निदेशक अमित सिन्हा ने कहा : 'हम अब कभी भी आन एयर हो सकते हैं। फिलहाल खुद की संतुष्टि के लिए ड्राइ रन संचालित कर रहे हैं और जिस क्षण यह लगेगा कि अब सब चीजें परफेक्ट हैं, हम आन एयर हो जाएंगे।'