दिल्ली, 25 अक्टूबर 09: पुष्पेंद्र कुलश्रेष्ठ चौथी बार प्रेस क्लब आफ इंडिया के सेक्रेट्री जनरल बन गए हैं। उनके पैनल ने फिर बाजी मार ली है। पुष्पेंद्र सेक्रेट्री जनरल पद पर नदीम ए. काजमी को हराने में कामयाब हो गए हैं। पुष्पेंद्र के पैनल से कोषाध्यक्ष पद पर लड़ रहे जयंत भट्टाचार्य ने भी जीत हासिल कर ली है। हालांकि, अध्यक्ष पद को लेकर विवाद कायम है। पुष्पेंद्र पैनल के अध्यक्ष परवेज अहमद के बारे में बताया जा रहा है कि वे नदीम पैनल के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अरुण केसरी को एक वोट से हराने में कामयाब हो गए हैं। पर नदीम खेमा काउंटिंग पर आपत्ति जता चुका है।
इस विवाद के कारण वोटों की गिनती का काम फिर से शुरू कर दिया गया है। एक अन्य सूचना के मुताबिक मैनेजिंग कमेटी के सदस्य के लिए निर्दलीय चुनाव लड़ रहीं करुणा मदान ने अच्छे-खासे वोटों से जीत हासिल कर ली है। उन्होंने एसएमएस के जरिए अपने शुभचिंतकों को जीत की सूचना भी प्रेषित कर दी है।
ताजी सूचना के अनुसार उपाध्यक्ष पद पर पुष्पेंद्र पैनल और नदीम पैनल के एक-एक प्रत्याशी ने जीत हासिल करने में कामयाबी पाई है। पुष्पेंद्र पैनल से वीपी पद पर रीतू वर्मा और नदीम पैनल से वीपी पद पर विजय सलूजा विजयी निर्वाचित किए गए हैं। बताया जा रहा है कि सेक्रेट्री जनरल पद पर पुष्पेंद्र ने नदीम को करीब 40 से 50 वोटों के अंतर से हराया है। चुनाव नतीजों की आधिकारिक घोषणा के बाद ही हार-जीत के असली आंकड़ों का पता चल पाएगा।